देश की खबरें | भारत में कोविड-19 के मामले पांच लाख के पार, मरीजों के संक्रमण मुक्त होने की दर भी सुधरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 18,552 नए मामले आने के साथ ही देश में शनिवार तक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या पांच लाख को पार कर चुकी है।
नयी दिल्ली, 27 जून पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 18,552 नए मामले आने के साथ ही देश में शनिवार तक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या पांच लाख को पार कर चुकी है।
गौरतलब है कि तेजी से और अधिक संख्या में हो रही जांच की पृष्ठभूमि में महज 39 दिन में देश में देश में कोविड-19 के चार लाख नए मामले सामने आए हैं।
महज छह दिन में कोविड-19 के एक लाख नए मामले आने पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि मरीजों के संक्रमण मुक्त होने की दर में भी कुछ वृद्धि हुई है और अब यह 58.13 प्रतिशत हो गयी है। आज लगातार चौथा दिन है जब देश में कोविड-19 के 15 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 18,552 नए मामले आने के साथ ही देश में अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 5,08,953 हो गई है वहीं इस अवधि में 384 लोग की संक्रमण से मौत हुई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक 15,685 लोग इस जानलेवा वायरस के संक्रमण से मरे हैं।
दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका, ब्राजील और रूस के बाद भारत चौथे स्थान पर आता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अभी तक जारी आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के पहले एक लाख मामले 110 दिन में सामने आए थे जबकि बाकी के चार लाख मामले महज 39 दिन में सामने आए हैं और 27 मार्च को कोविड-19 मरीजों की संख्या देश में पांच लाख के पार पहुंच गयी है। देश में कोविड-19 का पहला मामला केरल में 30 जनवरी को सामने आया था।
आंकड़ों से पता चलता है कि एक जून से 27 जून के बीच संक्रमण के 3,18,418 नए मामले सामने आए हैं। देश में 25 मार्च से लागू लॉकडाउन से चरणबद्ध तरीके से बाहर निकलने के प्रयास में सरकार ने एक जून से ‘अनलॉक-1’ शुरू किया।
आंकड़ों के अनुसार, देश में फिलहाल 1,97,387 लोग उपचाराधीन हैं जबकि 2,95,880 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
यह रेखांकित करते हुए कि भारत में मरीजों के संक्रमण मुक्त होने की दर सुधर रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लॉकडाउन और सरकार द्वारा उठाए गए अन्य कई कदमों तथा जनता के अपार सहयोग के कारण भारत अभी भी कई देशों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है। लेकिन साथ ही उन्होंने चेताया कि लोग अभी भी सावधानी नहीं छोड़ सकते हैं और ना ही लापरवाही बरत सकते हैं।
केरल के पथनमथिट्टा में जोसेफ मारथोमा मेट्रोपोलिटन के 90वें जयंती समारोह को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘वास्तव में, हमें अब और सावधानी बरतनी होगी। मास्क पहनना होगा, दो गज की दूरी का पालन करना होगा और भीड़ भरी जगहों से बचकर रहना सबसे महत्वपूर्ण है।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ने को लेकर आज सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस महामारी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और इससे लड़ नहीं रहे हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 देश के दूसरे हिस्सों में भी तेजी से फैल रहा है। भारत सरकार के पास इसके उन्मूलन की कोई योजना नहीं है।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री चुप हैं। उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है और इस महामारी के खिलाफ लड़ने से इनकार कर रहे हैं।’’
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 26 जून तक देश में 79,96,707 नमूनों की जांच हुई है और इनमें से 2,20,479 नमूनों की जांच शुक्रवार को ही हुई। महामारी की शुरुआत से अभी तक यह एक दिन में हुई सबसे ज्यादा जांच है।
मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि अब ज्यादा संख्या में हो रही कोविड-19 की जांच, और अब जांच का शुल्क कम होना इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के सामने आने की सबसे बड़ी वजह है।
शहर में फेंफड़ों के मशहूर सर्जन डॉक्टर अरविंद कुमार ने कहा कि संक्रमित लोगों की संख्या में तेजी से हो रही वृद्धि की वजह ज्यादा संख्या में हो रही जांच है।
सर गंगा राम अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर कुमार का कहना है कि लॉकडाउन हटने, लोगों के बड़ी संख्या में बाहर जाने और महामारी का डर नहीं होने से भी संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, आठ राज्यों... महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, तेलंगाना, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल में देश के उपचाराधीन कोविड-19 मरीजों का 85.5 प्रतिशत है, वहीं संक्रमण से हुई मौतों का 87 प्रतिशत भी इन्हीं राज्यों से है।
मंत्रालय ने कहा कि उसने कोविड-19 पर मंत्री समूह को कोरोना वायरस के हालात और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के बारे में बता दिया है।
मंत्रालय ने कहा कि उसने बैठक में सूचित किया है कि जन स्वास्थ्य विशेषज्ञों, महामारी विदों और वरिष्ठ संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी वाली 15 टीमें राज्यों की मदद में जुटी हुई हैं।
उसने बताया कि केन्द्र की एक टीम फिलहाल गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के दौरे पर है ताकि कोविड-19 प्रबंधन को और मजबूत बनाया जा सके।
दिल्ली में कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए घर-घर जाकर किया जाने वाले सीरोलॉजी सर्वे शनिवार को शहर के कुछ हिस्सों में शुरू हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के 80,188 मामले हैं और संक्रमण से शहर में अभी तक 2,558 लोग की मौत हुई है।
वहीं देश में सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की है जहां कुल मामले 1,52,765 हैं और संक्रमण से 7,106 लोग की मौत हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2020 08:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

