एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के मामले 1,000 के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में 33 सुरक्षाकर्मियों समेत 65 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमण के कुल मामले 1,000 के पार चले गए हैं।

देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के मामले 1,000 के पार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

ईटानगर, 25 जुलाई अरुणाचल प्रदेश में 33 सुरक्षाकर्मियों समेत 65 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमण के कुल मामले 1,000 के पार चले गए हैं।

राज्य के निगरानी अधिकारी डॉ. एल जम्पा ने बताया कि नए मरीजों के सामने आने से संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,056 हो गए हैं।

यह भी पढ़े | अयोध्या: CM योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन के सदस्यों के कर रहे हैं बैठक: 25 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि नए मामलों में 30 पापुम परे जिले, पांच तिराप, तीन लोहित, दो लोअर दिबांग घाटी और एक-एक मामला नमसई और पश्चिम कामेंग तथा 23 कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से सामने आए।

उन्होंने कहा, ‘‘पापुम परे में संक्रमित पाए गए सभी 30 लोग भारत तिब्बत सीमा पुलिस कर्मी हैं और वे पृथक केंद्र में रह रहे हैं जबकि कैपिटल कॉम्प्लेक्स में 23 मामले क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से सामने आए हैं।’’

यह भी पढ़े | अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 65 नए मामले दर्ज, 33 सुरक्षा कर्मी भी पाए गए संक्रमित.

तिराप में पांच नए मरीजों में से दो राज्य पुलिसकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग का एक कर्मचारी और असम से लौटा एक शख्स भी जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।

जम्पा ने बताया कि लोहित जिले में संक्रमित तीन लोग सीमा सड़क कार्य बल (बीआरटीएफ) से हैं। वे हाल ही में उत्तर प्रदेश से लौटे और पृथक केंद्र में रह रहे थे।

राज्य निगरानी अधिकारी ने बताया कि लोअर दिबांग घाटी जिले में रोइंग के दो मरीज असम से लौटे थे जबकि पश्चिम कामेंग में संक्रमित एक शख्स सेना का कर्मचारी है जो हाल ही में आंध्र प्रदेश से लौटा था।

उन्होंने बताया कि नमसई का मरीज भी असम से लौटा था।

जम्पा ने कहा, ‘‘छह को छोड़कर सभी मरीजों में लक्षण नहीं हैं और उन्हें कोविड देखभाल केंद्रों में ले जाया गया।’’

अरुणाचल प्रदेश में देश के अन्य हिस्सों से प्रवासियों के लौटने के बाद कोरोना वायरस के मामले बढ़ गए हैं।

जम्पा ने बताया कि राज्य में एक जुलाई के बाद से कोरोना वायरस के मामले बढ़ गए हैं। इस महीने 865 लोग संक्रमित पाए गए।

राज्य में कोविड-19 का पहला मामला दो अप्रैल को सामने आया था और वह व्यक्ति 16 अप्रैल को स्वस्थ हो गया। राज्य में 24 मई को करीब छह हफ्तों के अंतर के बाद दूसरा मामला सामने आया।

कैपिटल कॉम्प्लेक्स में सबसे अधिक 374 मामले सामने आए। कैपिटल कॉम्प्लेक्स में ईटानगर, नहार्लगुन, निर्जुली और बंदेरदेवा इलाके शामिल हैं। इसके बाद पापुम परे में 57, नमसई में 42, पूर्वी सियांग में 39 और चांगलांग जिलों में 20 मामले सामने आए।

अधिकारी ने बताया कि कैपिटल कॉम्प्लेक्स में 45, चांगलांग जिले में 10, लोअर सुबनसिरी में दो और नमसई में एक मरीज को शुक्रवार को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।

राज्य में अब भी 661 लोग संक्रमित हैं जबकि 392 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है।

जम्पा ने कहा, ‘‘राज्य में स्वस्थ होने की दर 35 प्रतिशत है।’’ उन्होंने बताया कि राज्य में अभी तक 53,335 नमूनों की जांच की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2020 03:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).