चंडीगढ़, 17 सितंबर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को घोषणा की कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहीं औद्योगिक श्रमिकों की बेटियों को इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन खरीदने के लिए 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
पलवल जिले में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में खट्टर ने कहा कि इस कदम से गतिशीलता को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक श्रमिकों की बेटियां आत्मनिर्भर बनेंगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, खट्टर ने औद्योगिक श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति के संबंध में भी घोषणाएं कीं। उन्हें तत्काल प्रभाव से इतनी ही राशि की छात्रवृत्तियां दी जाएंगी।
नौवीं कक्षा से विभिन्न डिग्री और परास्नातक कार्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे छात्रों को 10,000 से लेकर 21,000 रुपये तक की छात्रवृत्तियां दी जाएंगी।
बयान में कहा गया कि विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर खट्टर ने औद्योगिक श्रमिकों और उनके परिवार की जिंदगियों को बेहतर बनाने के मकसद से कई कल्याणकारी कदमों की घोषणा की।
उन्होंने मोदी को दूरदर्शी नेता बताया जिन्होंने नवाचार और सेवा के माध्यम से भारत को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और देश के प्रति उनकी लंबी और निरंतर सेवा की कामना की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को साइकिल खरीदने के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये किए जाने की भी घोषणा की।
महिला श्रमिकों को सिलाई मशीन खरीदने के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता 3,500 रुपये से बढ़ाकर 4,500 रुपये कर दी गई है।
रोजगार के लिए विस्थापित होने वाले कामगारों की चुनौतियों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार सुरक्षित और किफायती आवास मुहैया कराने के लिए पहले चरण में फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और यमुनानगर जिलों में 500-500 फ्लैट आवंटित करेगी।
इससे पहले, उन्होंने सिरसा में एक कार्यक्रम में हरियाणा को नशीले पदार्थों से मुक्त करने के अभियान में अहम कदम के तौर पर एक ‘साइक्लॉथन’ को हरी झंडी दिखायी।
यह साइकिल दौड़ एक सितंबर को करनाल से शुरू हुई थी और इसके 15 जिलों से गुजरते हुए 25 सितंबर को संपन्न होने की संभावना है। इसका मुख्य उद्देश्य नशा मुक्ति के संदेश का प्रसार करना है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने इस मौके पर साइकिल चलाई और रोहतक के 74 वर्षीय कमलेश राणा का उदाहरण दिया जो नशे की समस्या से निपटने के लिए साइकिल दौड़ में भाग ले रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY