मेलबर्न, 25 जनवरी अमेरिका की मैडिसन कीज ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन के महिला एकल फाइनल में दो बार की गत चैंपियन बेलारूस की आर्यना सबालेंका को 6-3, 2-6, 7-5 से हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।
इस 29 साल की खिलाड़ी फाइनल में शीर्ष रैंकिंग की खिलाड़ी को हराने से पहले सेमीफाइनल में दूसरे रैंकिंग की खिलाड़ी इगा स्वियातेक को शिकस्त दी थी। वह इस तरह मेलबर्न पार्क में सेरेना विलियम्स के बाद रैंकिंग की शीर्ष दो खिलाड़ियों को हराने वाली अमेरिका की पहली खिलाड़ी बन गयी है। सेरेना ने यह कारनामा 2005 में किया था।
रैंकिंग में 14वें स्थान पर काबिज कीज को इस टूर्नामेंट में 19वीं वरीयता मिला थी। अमेरिकी ओपन 2017 में उपविजेता रहने के बाद यह उनका दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल था।
कीज ने इसके साथ सबालेंका को ऑस्ट्रेलियाई ओपन में खिताबी जीत की हैट्रिक लगाकर मार्टिना हिंगिस की बराबरी करने से रोक दिया। हिंगिस 1997 से 1999 तक लगातार तीन बार इसकी चैम्पियन बनी थी।
अमेरिका की खिलाड़ी ने जीत दर्ज करते ही अपना चेहरा अपने हाथों से ढक लिया, फिर हाथों को ऊपर उठा का जश्न मनाया। उन्होंने इसके बाद अपने पति और कोच (2023 से) ब्योर्न फ्रैटांगेलो और टीम के अन्य सदस्यों को गले लगाया।
सबालेंका ने कीज को बधाई देने के बाद अपने टेबल के पास जाकर रैकेट को जोर से जमीन पर पटका और अपनी भावनाओं को छिपाने के लिए सफेद तौलिये से चेहरा ढक लिया।
अमेरिकी ओपन 2015 में फ्लाविया पेनेटा के 33 साल की उम्र में चैम्पियन बनने के बाद कीज सबसे उम्रदराज महिला ग्रैंड स्लैम चैम्पियन हैं। कीज अपने 46वें ग्रैंड स्लैम में चैम्पियन बनी। ओपन युग में सिर्फ पेनेटा (49) और मैरियन बार्टोली (47) ने उनसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेलने के बाद खिताब हासिल किये थे।
सबालेंका ने इस मैच में सतर्क शुरुआत की लेकिन कीज ने पहले सेट में तीन बार उनकी सर्विस ब्रेक कर बढ़त हासिल कर ली। इसमें हालांकि सबालेंका ने भी चार डबल-फॉल्ट और 13 असहज गलतियां कर उनकी मदद की।
शुरुआती सेट के बाद सबालेंका ने छोटा सा ब्रेक लिया और लॉकर रूम से आने के बाद उनके खेल में सुधार दिखा।
उन्होंने दूसरे सेट में अमेरिका की खिलाड़ी को ज्यादा मौके नहीं दिये।
तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी लेकिन कीज ने अहम मौकों पर संयम बनाये रखा और फोरहैंड विनर लगाकर खिताब अपने नाम करने में सफल रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY