देश की खबरें | लुधियाना लूटकांड के प्रमुख षड्यंत्रकर्ता उत्तराखंड से गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के लुधियाना में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के कथित सरगना एक दंपति को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे उत्तराखंड के एक तीर्थ स्थल पर अपने मिशन की सफलता के लिए मत्था टेकने जा रहे थे। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़/लुधियाना, 17 जून पंजाब के लुधियाना में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के कथित सरगना एक दंपति को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे उत्तराखंड के एक तीर्थ स्थल पर अपने मिशन की सफलता के लिए मत्था टेकने जा रहे थे। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों की पहचान मनदीप कौर और उसके पति जसविंदर सिंह के रूप में हुई है।
लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू ने संवाददाताओं से कहा कि दोनों को उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वे अपने मिशन की ''सफलता'' के लिए मत्था टेकने तीर्थस्थल गए थे। उन्होंने बताया कि दंपति को वापस लौटते समय पकड़ लिया गया।
पुलिस आयुक्त सिद्धू ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों नेपाल के रास्ते विदेश भाग सकते हैं लेकिन लुकआउट नोटिस जारी होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस के मुताबिक उनके कब्जे से 21 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
सिद्धू ने कहा कि अब तक कुल 5.96 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस ने कहा कि उनके साथी गौरव उर्फ गुलशन को भी गिदड़बाहा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक इस लूट के सिलसिले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि कुछ हथियारबंद लुटेरों ने 10 जून को लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर इलाके में स्थित सीएमएस सिक्योरिटीज के कार्यालय में सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया था और 8.49 करोड़ रुपये नकदी लेकर फरार हो गए थे। सीएमएस सिक्योरिटीज नकदी प्रबंधन सेवा कंपनी है।
डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट किया, ‘‘सीएमएस नकदी लूट घटना की प्रमुख षड्यंत्रकर्ता मनदीप कौर और उसके पति जसविंदर सिंह को 100 घंटे से कम समय के भीतर उत्तराखंड से गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने पर लुधियाना पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस शाखा पर हमें गर्व है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘करोड़ों की डकैती के मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की टीम ने पेशेवर और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का इस्तेमाल किया।’’
पुलिस ने इससे पहले डकैती के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 5.75 करोड़ रुपये बरामद किए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)