देश की खबरें | लुधियाना लूटकांड का प्रमुख साजिशकर्ता उत्तराखंड से गिरफ्तार

चंडीगढ़, 17 जून पंजाब के लुधियाना में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के कथित सरगना एक दंपति को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों की पहचान मनदीप कौर और उसके पति जसविंदर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने इससे पहले डकैती के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 5.75 करोड़ रुपये बरामद किए थे।

उल्लेखनीय है कि कुछ हथियारबंद लुटेरों ने 10 जून को लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर इलाके में स्थित सीएमएस सिक्योरिटीज के कार्यालय में सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया था और 8.49 करोड़ रुपये नकदी लेकर फरार हो गए थे। सीएमएस सिक्योरिटीज नकदी प्रबंधन सेवा कंपनी है।

डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट किया, ‘‘सीएमएस नकदी लूट घटना की प्रमुख साजिशकर्ता मनदीप कौर और उसके पति जसविंदर सिंह को 100 घंटे से कम समय के भीतर उत्तराखंड से गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने पर लुधियाना पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट पर हमें गर्व है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘करोड़ों की डकैती के मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की टीम ने पेशेवर और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का इस्तेमाल किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)