देश की खबरें | केरल के स्वास्थ्य मंत्री ने संरा की वेबिनार में कोविड-19 से निपटने का राज्य का मॉडल प्रस्तुत किया

तिरुवनंतपुरम, 24 जून केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने संयुक्त राष्ट्र की विश्व जन सेवा दिवस पर आयोजित डिजिटल संगोष्ठी में भाग लिया और कोविड-19 से निपटने के ‘केरल मॉडल’ को प्रस्तुत किया।

शैलजा मंगलवार को ‘अग्रिम मोर्चे पर: लोक सेवक और कोविड-19 महामारी’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लेने वाली भारत की ओर से एकमात्र सदस्य थीं। संगोष्ठी में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भी भाग लिया।

यह भी पढ़े | कोरोना से महाराष्ट्र में पिछले 48 घंटों में 185 पुलिस वाले पाए गए कोरोना पॉजिटिव, 2 की मौत: 24 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मंत्री ने वेबिनार में कहा, ‘‘नियामक उपायों से समाज का कमजोर और वंचित वर्ग प्रभावित नहीं हो, यह सुनिश्चित करते हुए सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के एक विश्व, एक स्वास्थ्य के विचार को लागू किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि 2018 में निपाह वायरस के प्रकोप के दौरान राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जो अनुभव हासिल किया था, उसने कोविड-19 महामारी से निपटने में मदद की।

यह भी पढ़े | बिहार विधानसभा चुनाव 2020: पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं के बारे में बोलें तेजस्वी यादव, चुनाव से पहले लोगों का आना जाना लगा रहता है.

शैलजा ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी सबसे पहले चीन के वुहान शहर में सामने आई, लेकिन केरल ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्देशों के अनुसार महामारी से निपटने की तैयारियां शुरू कर दीं।’’

उन्होंने कहा कि पूरे सरकारी तंत्र और निगरानी नेटवर्क को सक्रिय कर दिया गया तथा अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुरूप स्क्रीनिंग, रोग निदान और सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप के लिए मानक परिचालन प्रक्रियाओं को लागू किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)