देश की खबरें | युवा कांग्रेस की केरल इकाई के प्रमुख ने माकपा नेता की अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी नोटिस भेजा

तिरूवनंतपुरम, 13 जनवरी युवा कांग्रेस की केरल इकाई के प्रमुख राहुल ममकूताथिल ने हाल में उनके द्वारा अदालत में सौंपे गए मेडिकल प्रमाणपत्र के बारे में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एमवी गोविंदन की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उन्हें एक कानूनी नोटिस भेजा है।

ममकूताथिल, एक हालिया मार्च के दौरान हिंसक हमलों का कथित तौर पर नेतृत्व करने को लेकर अभी जेल में बंद हैं। उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

अपने नोटिस में ममकूताथिल ने कहा कि यदि वाम नेता सात दिनों के अंदर संवाददाता सम्मेलन में बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं तो ‘अपमानजनक बयानों’ से उन्हें हुए नुकसान के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा अदा करना होगा।

टिप्पणियों को बेबुनियाद और झूठा करार देते हुए उन्होंने कहा कि गोविंदन ने उनकी छवि धूमिल करने के इरादे से आरोप लगाये थे।

कन्नूर जिले के तालीपरामदा में एक कार्यक्रम में गोविंदन ने आरोप लगाया था कि प्रदेश युवा कांग्रेस प्रमुख ने इस हफ्ते की शुरूआत में जमानत हासिल करने के लिए फर्जी मेडिकल प्रमाणपत्र सौंपा।

हालांकि, अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गोविंदन के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने उन्हें अपने आरोप साबित करने की चुनौती दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)