कोच्चि (केरल), 22 दिसंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक पी. टी. थॉमस का बुधवार को तमिलनाडु के एक अस्पताल में निधन हो गया। केरल में पार्टी के मुखर और लोकप्रिय आवाज रहे थॉमस पश्चिमी घाट क्षेत्र में गाडगिल समिति की रिपोर्ट लागू करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर अपने अटल रूख के लिए जाने जाते थे।
पार्टी सूत्रों ने थॉमस (71) के निधन की जानकारी देते हुए बताया कि उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि थॉमस का वेल्लोर के क्रिश्चन मेडिकल कॉलेज में कैंसर का इलाज चल रहा था और उन्होंने पूर्वाह्न सवा दस बजे अंतिम सांस ली।
थॉमस इसी साल अप्रैल में थ्रिक्काकारा विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 2009 से 2014 तक इडुक्की लोकसभा क्षेत्र का भी प्रतिनिधित्व किया था। वह इडुक्की जिले के थोडुपुझा विधानसभा सीट से भी दो बार विधायक रहे थे।
केरल कांग्रेस प्रदेश समिति (केपीसीसी) के कार्यवाहक अध्यक्ष दिवंगत थॉमस अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे थे। पार्टी के साथ उनका संबंध पांच दशकों से भी पुराना था।
थॉमस ने अपने राजनीतिक करियर में पश्चिमी घाट के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।
इडुक्की से सांसद निर्वाचित होने के बाद उन्होंने जैव विविधता वाली पहाड़ियों और पहाड़ी क्षेत्रों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रतिष्ठित पारिस्थितिकी विज्ञानी माधव गाडगिल की अध्यक्षता वाले पश्चिमी घाट पारिस्थितिकी विशेषज्ञ पैनल की रिपोर्ट को लागू करने की जोरदार वकालत की थी।
लोकसभा सदस्य रहते हुए उन्होंने पश्चिमी घाट पर गाडगिल समिति की रिपोर्ट पर कैथोलिक चर्च को चुनौती देने की हिम्मत दिखायी। इस मुद्दे पर चर्च के साथ यह लड़ाई उन्हें बहुत महंगी पड़ी और कांग्रेस ने उन्हें इडुक्की से दोबारा टिकट देने से इंकार कर दिया। 2014 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बावजूद थॉमस ने पश्चिमी घाट पर अपना रूख नहीं बदला।
थॉमस ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत केरल स्टूडेंट यूनियन (केएसयू), केरल में कांग्रेस के छात्र संगठन, के साथ अपने स्कूल के दिनों में की थी।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन, राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के नेताओं राहुल गांधी, के. सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने थॉमस के निधन पर शोक जताया है।
राज्यपाल खान ने ट्वीट किया, ‘‘सक्रिय और प्रतिबद्ध विधायक तथा सांसद के रूप में पी. टी. थॉमस ने स्वयं को लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था।’’
मुख्यमंत्री विजयन ने अपने शोक संदेश में कहा कि राज्य ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया है।
वहीं, उत्तरी केरल में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर आए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने थॉमस के निधन की बात सुनकर अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।
गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री पी. टी. थॉमस के निधन की सूचना पाकर मैं शोकाकुल हूं। केरल में कांग्रेस पार्टी के लिए तमाम योगदानों के अलावा उन्हें मुखर और मददगार व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि गांधी जल्द ही थॉमस को श्रद्धांजलि देने के लिए कोच्चि जाएंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि थॉमस का पार्थिव शरीर वेल्लोर से सड़क मार्ग से कोच्चि लाया जा रहा है। उनका इच्छानुसार, उनके नेत्र वेल्लोर अस्पताल को दान कर दिये गये हैं।
थॉमस के इच्छानुसार, उनका अंतिम संस्कार कल कोच्चि में किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY