देश की खबरें | केरल पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी की तलाश तेज की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल पुलिस ने मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला और उनके 53 वर्षीय बेटे की हत्या के आरोपी चेंथमारा की तलाश तेज कर दी है।
पलक्कड़ (केरल), 28 जनवरी केरल पुलिस ने मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला और उनके 53 वर्षीय बेटे की हत्या के आरोपी चेंथमारा की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चेंथमारा ने सोमवार दिनदहाड़े अपराध को अंजाम दिया और उसके बाद फरार हो गया।
मृतकों की पहचान 72 वर्षीय लक्ष्मी और उनके बेटे सुधाकरण के रूप में हुई है।
यह घटना नेन्मारा थाने के अंतर्गत पोथुंडी इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार चेंथमारा (57) से उसकी पत्नी और बच्चे दूर हो गए थे और वह इसके लिए सुधाकरण के परिवार को जिम्मेदार मानता था।
पुलिस ने कहा कि चेंथमारा ने यह अपराध जमानत पर बाहर रहते हुए किया। इससे पहले वह 2019 में सुधाकरण की पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुआ था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए स्थानीय लोगों से भी मदद मांगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चेंथमारा के पास के पहाड़ी इलाकों में छिपे होने का अनुमान है।
इस बीच, कांग्रेस पार्टी और सुधाकरण के बच्चों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि आरोपी के गांव लौटने और जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने के बारे में सूचना देने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
इस मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में युवा कांग्रेस ने थाने तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने थाने के सामने बैरिकेड लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की और उनकी पुलिस के साथ तीखी कहासुनी हुई।
क्षेत्र में तनाव तब शांत हुआ जब पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)