तिरुवनंतपुरम, 22 अक्टूबर केरल कांग्रेस (एम) का जोस के मणि धड़ा बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से राज्य में सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ में शामिल हो गया। हाल ही में इस धड़े ने कांग्रेस नीत यूडीएफ से तीन दशक पुराना नाता तोड़कर वाम दलों का दामन थाम लिया था।
लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के संयोजक ए विजयराघवन ने मोर्चे के नेताओं की बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि जोस के मणि धड़ा अब एलडीएफ का हिस्सा बन गया है।
यह भी पढ़े | दिल्ली सरकार के कर्मचारियों को मिलेगा 36 और 20 हजार रुपये का एलटीसी.
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये पत्रकारों से कहा, ''इससे यूडीएफ और कमजोर होगा, जो सिमटकर दो या तीन दलों का गठबंधन रह गया है।''
वाम मोर्चे के गठबंधन में जोस के मणि धड़ा समेत 11 दल शामिल हैं।
दिसंबर में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मध्य केरल के ईसाई वोटों को ध्यान में रखते हुए एलडीएफ ने जोस धड़े को अपने साथ लाने का फैसला किया था।
इससे पहले 14 अक्टूबर को जोस के मणि ने घोषणा की थी कि उनका धड़ा यूडीएफ का साथ छोड़कर वाम मोर्चे का हिस्सा बन गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह यूडीएफ के सहयोग से मिली राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।
केरल कांग्रेस (एम) के वरिष्ठ नेता के एम मणि के बेटे जोस ने कहा था कि धर्मनिरपेक्षता और उसके सिद्धांतों की रक्षा करने को लेकर सत्तारूढ़ वाम मोर्चे की प्रतिबद्धता और सांप्रदायिकता के खिलाफ उसके रुख के कारण धड़े ने एलडीएफ में शामिल होने का फैसला किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY