देश की खबरें | केरल को मिला नया मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख

तिरुवनंतपुरम, 27 जून केरल सरकार ने मंगलवार को वरिष्ठ नौकरशाह वी. वेणु को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया।

वर्ष 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी वेणु फिलहाल मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सरकार में गृह सचिव हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने यहां एक बयान में कहा कि विजयन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वेणु के नाम पर मुहर लगी। वह निवर्तमान मुख्य सचिव वी.पी. जॉय की जगह लेंगे, जो 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

कैबिनेट की बैठक में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी शेख दरवेश साहेब को नया पुलिस प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। वह निवर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल कांत की जगह लेंगे, जो इस महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

आंध्र प्रदेश से संबंध रखने वाले केरल कैडर के अधिकारी साहेब फिलहाल अग्नि एवं बचाव विभाग के प्रमुख हैं।

बैठक के दौरान कैबिनेट ने मुख्य सचिव के तौर पर मेधावी सेवा के लिए जॉय का आभार प्रकट किया। बदले में जॉय ने अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों से मिले सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)