तिरुवनंतपुरम, 13 जून युवक कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं ने एक विमान में केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन के खिलाफ सोमवार को कथित रूप से नारेबाज़ी की। उस वक्त वह कन्नूर से तिरुवनंतपुरम जा रहे थे।
युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक के एस सबरीनाथन ने सोशल मीडिया पर तीन सेकेंड का एक वीडियो जारी किया, जिसमें संगठन के दो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए विजयन के खिलाफ नारे लगाते नजर आ रहे हैं और मुख्यमंत्री के साथ आए एक व्यक्ति ने उन्हें पीछे धकेल दिया।
फेसबुक पर किए गए पोस्ट में, सबरीनाथन ने आरोप लगाया कि माकपा के वरिष्ठ नेता और एलडीएफ के संयोजक ईपी जयराजन ने प्रदर्शनकारी युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को धक्का दिया।
माकपा के एक नेता ने आरोप लगाया कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता विमान के अंदर विजयन पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे।
यह घटना उस समय हुई जब विमान तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतरा।
सोना तस्करी मामले में मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर आरोप लगाने के बाद से ही विजयन कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY