देश की खबरें | केरल : ट्यूशन सेंटर के पास झड़प में 10वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल, पांच हिरासत में लिये गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोझिकोड जिले में एक निजी ट्यूशन सेंटर के पास छात्रों के बीच हुई झड़प में 10वीं कक्षा के एक छात्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोझिकोड(केरल), 28 फरवरी केरल के कोझिकोड जिले में एक निजी ट्यूशन सेंटर के पास छात्रों के बीच हुई झड़प में 10वीं कक्षा के एक छात्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में पांच छात्रों को हिरासत में लिया गया है।
उसने बताया कि घायल छात्र मुहम्मद शाहबास (16) का फिलहाल कोझिकोड राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि शाहबास की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह विवाद 23 फरवरी को थामारस्सेरी में एक ट्यूशन सेंटर में विदाई समारोह के दौरान शुरू हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बृहस्पतिवार को फिर से दोनों गुट भिड़ गए।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे थमारास्सेरी के वेझुपुर रोड पर घटी, जिसमें दो स्थानीय स्कूलों के छात्र संलिप्त थे। थमारास्सेरी पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पांच छात्रों को हिरासत में लिया है।
यह टकराव ट्यूशन सेंटर में कक्षा 10 के छात्रों के लिए आयोजित विदाई समारोह को लेकर मतभेद से उत्पन्न हुआ।
तनाव उस समय बढ़ा जब विदाई कार्यक्रम के तहत आयोजित नृत्य के दौरान अचानक संगीत बंद हो गया। इस व्यवधान के कारण कुछ छात्रों की ओर से नकारात्मक प्रतिक्रिया दी गई लेकिन शिक्षकों और अन्य लोगों ने स्थिति को संभाल लिया।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को मुहम्मद शाहबास सहित लगभग 15 छात्रों ने ट्यूशन सेंटर के छात्रों के साथ मिलकर दूसरे समूह को ललकारा जिससे हिंसक झड़प हो गई।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में ऐसा लगा कि शाहबास को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और उसे थमारास्सेरी तालुक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, घर लौटने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उसे कोझिकोड राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां वह कोमा में है।
शाहबास के पिता इकबाल ने शुक्रवार को न्याय की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे को जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि शहाबास की चोटों की गंभीरता से पता चलता है कि हमले में वयस्कों की संलिप्तता थी।
इकबाल ने एक समाचार चैनल से कहा, ‘‘मेरा बेटा कभी झगड़े में शामिल नहीं था। यह उसे खत्म करने की कोशिश थी। उसे शाम करीब 4.30 बजे एक दोस्त ले गया और शाम सात बजे घर लौटा। उसने कुछ नहीं कहा और सीधे अपने कमरे में चला गया। बाद में जब उसे उल्टी होने लगी तो हम उसे अस्पताल ले गए।’’
पुलिस ने छात्रों के खिलाफ ‘‘हमला, दंगा और गैरकानूनी ढंग से एकत्र होने’’ का मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)