नयी दिल्ली, छह जून शिक्षा मंत्री आतिशी ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आठ जून को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के पूर्वी दिल्ली परिसर का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल ने यमुना पार क्षेत्र को शिक्षा के केंद्र में बदलने का काम किया है।
उन्होंने कहा, “केजरीवाल सरकार बनने के बाद अविकसित माने जाने वाले यमुना पार क्षेत्र में दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और एनएसयूटी के परिसर खोले गए। अब, मुख्यमंत्री आठ जून को जीजीएसआईपीयू के पूर्वी दिल्ली परिसर का उद्घाटन करेंगे।”
मंत्री ने कहा कि परिसर 19 एकड़ में फैला हुआ है और इसे 388 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया परियोजना के हर चरण में शामिल थे।
उन्होंने कहा, “मैं पूर्वी दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहती हूं। उन्हें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया से तोहफा मिलने जा रहा है। परिसर के खुलने से पूर्वी दिल्ली क्षेत्र के छात्रों को 21वीं सदी के रोजगार के अवसर मिलेंगे।”
अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों की तरह इस परिसर में भी 85 प्रतिशत सीट दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY