देश की खबरें | केजरीवाल ने दिल्ली सेवा विधेयक पर समर्थन के लिए कांग्रेस नेताओं का आभार जताया

नयी दिल्ली, नौ अगस्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सेवा से जुड़े विधेयक के खिलाफ संसद में मतदान करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखकर "दिल्ली के लोगों की ओर से" आभार जताया है।

संसद ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 को मंजूरी दे दी थी। राज्यसभा में इस पक्ष के समर्थन में 131 मत पड़े जबकि 102 सदस्यों ने विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। यह विधेयक दिल्ली सरकार में नौकरशाहों पर केंद्र सरकार के नियंत्रण से संबंधित है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने पत्र में कहा, "मैं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 के खिलाफ मतदान के लिए दिल्ली के दो करोड़ लोगों की ओर से उनकी पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’’

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री सिंह को धन्यवाद देते हुए केजरीवाल ने कहा, "उम्र और खराब स्वास्थ्य जैसी बाधाओं के बावजूद, हमारे पक्ष में आपका उपस्थित होना, तमाम विषमताओं के बावजूद भारत के लोकतंत्र और संघीय ढांचे को संरक्षित करने के लिए शांति, अनुग्रह और प्रतिबद्धता की कहानी बताता है।"

केजरीवाल ने यह भी कहा कि "हमारे संविधान के सिद्धांतों के प्रति सिंह की प्रतिबद्धता दशकों तक याद रखी जाएगी और सांसदों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करेगी।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)