देश की खबरें | केजरीवाल ने ' रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान की शुरुआत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बृहस्पतिवार को एक अभियान शुरू किया और लोगों से अनुरोध किया कि वे यातायात सिग्नल पर रुकने के दौरान अपनी गाड़ी का इंजन बंद कर दें।

केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने बड़े पैमाने पर ' रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान की शुरुआत की है और लोगों को इस कदम के प्रभाव से अवगत कराते हुए इसकी सफलता सुनिश्चित करेगी।

यह भी पढ़े | Heroin Seized From Dharavi: मुंबई पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, धारावी से 2.40 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त.

उन्होंने ट्वीट किया, "रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ। दिल्ली ने हमारे अभियान 'युद्ध, प्रदूषण के विरूद्ध' के तहत इसकी शुरुआत की है। आइए, सभी संकल्प लें कि लाल बत्ती पर अपनी गाड़ियों (इंजन) को बंद कर देंगे। हर एक कोशिश प्रदूषण को कम करने में योगदान देगी। ''

ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में एक करोड़ गाड़ियां पंजीकृत हैं।

यह भी पढ़े | लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश देश के अभिन्न अंग, चीन को भारत के आंतरिक मामलों में टिप्पणी करने का अधिकार नहीं- अनुराग श्रीवास्तव, MEA: 15 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

केजरीवाल ने कहा कि अगर 30-40 लाख गाड़ियां हर दिन सड़कों पर उतरती हैं और यातायात सिग्नल पर रुकने के दौरान गाड़ी का इंजन चालू रहता है तो यह शहर के वायु प्रदूषण को बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, " विशेषज्ञों का कहना है कि एक गाड़ी एक दिन में लाल बत्ती पर औसतन 15-20 मिनट रुकती है और 200 एमएल ईंधन की खपत करती है। इससे बहुत प्रदूषण होता है। अगर 10 लाख गाड़ियां लाल बत्ती पर अपना इंजन बंद कर लें तो हर साल पीएम 10 को 1.5 टन और पीएम 2.5 को 0.4 टन रोक लिया जाएगा ।"

उन्होंने कहा कि वाहन का इंजन बंद करने से न सिर्फ प्रदूषण रुकेगा, बल्कि प्रत्येक गाड़ी प्रति वर्ष सात हजार रुपये की बचत भी होगी।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में साल के इस समय पराली जलाने की वजह से वायु प्रदूषण बढ़ता है । उन्होंने उन गांवों के निवासियों की सेहत को लेकर चिंता जताई जहां यह जलाई जाती है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण को रोकने के लिए हरसंभव उपाय किए हैं जिनमें धूल के खिलाफ अभियान चलाना, पराली जलाने से रोकने के लिए बायो डीकंपोजर तकनीक का इस्तेमाल, वृक्षारोपण, इलेक्ट्रिक वाहन नीति बनाना आदि शामिल हैं।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने बीते पांच साल में प्रदूषण 25 प्रतिशत तक कम करने में मदद की है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्लीवासी ' रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान से जुड़ेंगे और लाल बत्ती पर अपनी गाड़ियों के इंजन को बंद करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)