पुलवामा में कश्मीरी पंडित की हत्या गंभीर चिंता का विषय: गुलाम नबी आजाद
‘डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी’ (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को एक कश्मीरी पंडित की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है.
श्रीनगर, 26 फरवरी : ‘डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी’ (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ( Ghulam Nabi Azad) ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को एक कश्मीरी पंडित की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है. आजाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोई भी हत्या, विशेष रूप से निशाना बनाकर की गई हत्या, गंभीर चिंता का विषय है और निंदनीय है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.’’
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि निशाना बनाकर की गई हत्या निंदनीय है, चाहे वह कश्मीरी पंडित की हो या किसी मुस्लिम की या सिख की. हालांकि, उन्होंने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जहां पिछले 30 वर्षों में इस तरह की घटनाओं के सिलसिले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं ‘‘पिछले दो वर्षों में इन लक्षित हत्याओं के लिए एक भी हत्यारे को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.’’ यह भी पढ़ें : आप नेताओं ने नहीं किया नियमों का पालन, जाम किया ट्रैफिक: दिल्ली पुलिस
पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने रविवार को कश्मीरी पंडित समुदाय के एक व्यक्ति की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह स्थानीय बाजार जा रहा था. पुलिस ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुई और गोली 40 वर्षीय व्यक्ति के सीने में लगी. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जिले के अचन इलाके के निवासी संजय शर्मा के तौर पर हुई है, जो एक एटीएम के सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 26, 2023 03:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

