देश की खबरें | पलक्कड़ में शराब संयंत्र के विरोध के पीछे कर्नाटक की शराब ‘लॉबी’ का हाथ: माकपा

तिरुवनंतपुरम, चार फरवरी केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और उसके नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने मंगलवार को कहा कि पलक्कड़ जिले में शराब उत्पादन इकाई के विरोध के पीछे पड़ोसी कर्नाटक की एक शराब ‘लॉबी’ का हाथ है।

पलक्कड़ में इकाई की स्थापना की अनुमति देने के सरकार के फैसले को उचित ठहराते हुए एलडीएफ के संयोजक टीपी रामकृष्णन ने कहा कि राज्य में पर्याप्त मात्रा में शराब बनाने के लिए पहले से ही एक नीति मौजूद है।

माकपा के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने कहा कि शराब इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासित पड़ोसी राज्य कर्नाटक की शराब ‘लॉबी’ इसके खिलाफ है।

गोविंदन ने इडुक्की में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “उन्हें (लॉबी को) डर है कि शराब इकाई में होने वाले उत्पादन से केरल के बाजार उनकी हिस्सेदारी प्रभावित होगी।”

राज्य मंत्रिमंडल ने मौजूदा दिशा-निर्देशों और शर्तों के अनुपालन की शर्त पर आबकारी संयंत्र स्थापित करने के ‘ओएसिस कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।

केरल में विपक्षी दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शुरू से ही इस परियोजना के खिलाफ रहे हैं। उनका दावा है कि इससे पलक्कड़ जिले के कांचीकोड के एलाप्पुल्ली गांव में पीने के पानी की कमी हो जाएगी।

विपक्ष का दावा है कि शराब उत्पादन इकाई को प्रति दिन कम से कम पांच लाख लीटर पानी की आवश्यकता पड़ने की संभावना है, जो कि एलाप्पुल्ली जैसे पानी की कमी वाले गांव वहन नहीं कर सकते।

विपक्ष ने आरोप लगाया है कि ओएसिस को शराब संयंत्र स्थापित करने की अनुमति देने में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)