देश की खबरें | कर्नाटक: आईपीएस अधिकारी रूपा का स्थानांतरण, अधिकारी ने फाइल ‘रखने’ का लगाया था आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में आईपीएस अधिकारी रूपा डी को बुधवार को आंतरिक सुरक्षा प्रभाग से तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया। रूपा डी पर उनकी सहकर्मी वर्तिका कटियार ने अपने (कटियार के) कार्यालय में कथित तौर पर फाइल ‘‘रखने’’ का आरोप लगाया था।

बेंगलुरु, पांच मार्च कर्नाटक में आईपीएस अधिकारी रूपा डी को बुधवार को आंतरिक सुरक्षा प्रभाग से तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया। रूपा डी पर उनकी सहकर्मी वर्तिका कटियार ने अपने (कटियार के) कार्यालय में कथित तौर पर फाइल ‘‘रखने’’ का आरोप लगाया था।

आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘रूपा डी, आईपीएस (2000 बैच), पुलिस महानिरीक्षक, आंतरिक सुरक्षा प्रभाग को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया जाता है और अगले आदेश तक कर्नाटक सिल्क मार्केटिंग बोर्ड लिमिटेड, बेंगलुरु का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया जाता है। वह आईएएस चंद्रशेखर एन. का स्थान लेंगी।’’

पिछले महीने वर्तिका कटियार ने मुख्य सचिव शालिनी रजनीश को एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि दो कनिष्ठ पुलिस अधिकारी उनकी अनुपस्थिति में नियंत्रण कक्ष से चाबियां लेकर उनके कार्यालय में घुस गए। कटियार ने आरोप लगाया कि कनिष्ठ अधिकारियों ने रूपा के कहने पर यह काम किया और उनके कार्यालय में फाइल ‘‘रख’’ दीं।

तीन मार्च को भारतीय पुलिस सेवा की 2010 बैच की अधिकारी कटियार का भी आंतरिक सुरक्षा प्रभाग से स्थानांतरण कर दिया गया था और उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं अतिरिक्त कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स और नागरिक सुरक्षा, बेंगलुरु की पदेन अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात किया गया था।

बाद में रूपा ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कटियार के आरोपों को "झूठा और निराधार" बताया।

उन्होंने 4 मार्च को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पहली नजर में भी आरोप बेतुके हैं, क्योंकि मैं पदानुक्रम में अगली वरिष्ठ अधिकारी हूं और आधिकारिक तौर पर फाइलों तक मेरी पहुंच है। मैं कोई भी फाइल मंगवा सकती हूं और निस्तारण के बाद वर्तिका कटियार को कोई भी फाइल भेज सकती हूं। ऐसा लगता है कि वह बिना किसी आधार के झूठी कहानी सुना रही हैं।’’

रूपा के अनुसार, कथित घटना 6 सितंबर, 2024 को हुई थी और इन सभी महीनों या अब तक कटियार को कुछ भी "गलत या अनुचित" नहीं लगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि उनके (कटियार) द्वारा विवाद पैदा करने के एकमात्र उद्देश्य से एक बेतुकी और मनगढ़ंत कहानी गढ़ी गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\