कलबुर्गी (कर्नाटक),25 जून निजी उड़ान प्रशिक्षण अकादमी द्वारा संचालित दो सीट वाले एक प्रशिक्षण विमान को रविवार को आपात स्थिति में कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में चित्तपुर तालुका स्थित एक गांव में उतारा गया।
पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है तथा विमान को कोई खास क्षति नहीं पहुंची है।
यह प्रशिक्षण विमान ‘रेडबर्ड फ़्लाइट ट्रेनिंग अकादमी’ का है, इसे आपात स्थिति में जिले के चित्तपुर तालुका में पेटे सिरूर गांव के पास एक खेत में उतारा गया।
पुलिस ने कहा कि कलबुर्गी हवाई अड्डा प्राधिकारियों के अनुसार विमान के घरेलू हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट के बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई। पुलिस ने बताया कि पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को सूचित करने के बाद विमान को खेत में उतारा।
पुलिस ने बताया कि विमान सवार पायलट प्रशिक्षक और प्रशिक्षु सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि पुलिस की एक स्थानीय टीम मौके पर पहुंची है।
अधिकारियों ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और घटना की जांच के लिए एक टीम कलबुर्गी जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY