देश की खबरें | कर्नाटक के अधिकारियों ने महादयी परियोजना स्थल पर ‘आप’ नेताओं को जाने से रोका : अमित पालेकर

पणजी, तीन जनवरी गोवा में आम आदमी पार्टी (आप) के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक के अधिकारियों ने पार्टी नेताओं के एक समूह को मंगलवार को महादयी नदी पर बन रहे कलासा-बंडूरी परियोजना स्थल पर जाने से रोका।

‘आप’ की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने दावा किया कि जब पार्टी नेताओं के एक समूह ने परियोजना स्थल का दौरा किया, तो उनके सहयोगियों और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के बीच कहासुनी हुई।

गोवा और कर्नाटक कलासा और बंडूरी नदी पर बांधों के निर्माण के लिए महादयी नदी के पानी को मोड़ने को लेकर लंबे समय से विवाद में उलझे हुए हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा था कि उनके नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलेगा तथा महादयी नदी पर दो बांधों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के लिए कर्नाटक को केंद्र द्वारा दी गई मंजूरी का विरोध करेगा।

पालेकर ने कहा, “उन्होंने हमें रोका। हमें बताया गया कि हम परियोजना स्थल पर नहीं जा सकते। हालांकि, जब हमने उनकी बात को अनसुना कर दिया और अधिकारियों को पता चला कि दो नेता विधायक हैं, तो उन्होंने हमें जाने दिया।”

पार्टी ने नेताओं और कर्नाटक के अधिकारियों के बीच हुई कहासुनी के वीडियो जारी किए।

गोवा से ‘आप’ के विधायक वेंजी वीगास और क्रूज़ सिल्वा उस समूह का हिस्सा थे, जो कर्नाटक गए थे।

भाजपा पर साजिश का आरोप लगाते हुए पालेकर ने कहा, “हमारे गोवा के मुख्यमंत्री भी साजिश का हिस्सा हैं। हमारी सरकार आवश्यक कदम उठाने में विफल रही, जिसके कारण ऐसी स्थिति बनी है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)