देश की खबरें | कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड संबंधी परामर्श को राजनीतिक रंग देने पर विपक्ष की निंदा की

बेलगावी (कर्नाटक), 23 दिसंबर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने विपक्षी दलों की ओर राज्य सरकार के कोविड-19 संबंधी परामर्श को राजनीतिक रंग देने की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जारी किया गया था न कि राजनीतिक कारणों से।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाल रहे हैं, जबकि जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी 'पंचरत्न यात्रा' पर हैं।

हालांकि, दुनिया के कुछ हिस्सों, खासकर चीन और अमेरिका में कोविड की स्थिति को देखते हुए, कर्नाटक सरकार ने ‘क्या करें और क्या न करें’ को लेकर एक परामर्श जारी किया है।

जद (एस) ने सरकार के कदम की यह कहते हुए कड़ी आलोचना की है कि परामर्श का उद्देश्य उसे 'पंचरत्न यात्रा' निकालने से रोकना है।

इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "कोविड-19 को नियंत्रित करने के लिए दिया गया परामर्श वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित है न कि राजनीतिक कारणों पर आधारित है।"

सुधाकर ने बेलगावी में संवाददाताओं से कहा,‘‘ हम अब इसलिए बोल रहे हैं, क्योंकि चीन, जापान, कोरिया और अमेरिका में मामले बढ़ रहे हैं। हमारी प्राथमिकता अपने लोगों की सुरक्षा करना है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)