देश की खबरें | कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने आईएसआईएस से संबंधित व्यक्ति के साथ मंच साझा किया: भाजपा नेता यतनाल

बेलगावी, छह दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने बुधवार को दावा किया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हाल ही में एक ऐसे व्यक्ति के साथ मंच साझा किया जिसका प्रतिबंधित आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया(आईएसआईएस) से संबंध है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या वह इस 'आतंकवाद समर्थक' की पृष्ठभूमि के बारे में जानते हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से यतनाल के आरोप पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।

भाजपा नेता ने इस मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखा। पत्र में व्यक्ति की जांच की मांग की गई है जिसपर उन्होंने आईएसआईएस से संबंधित होने का आरोप लगाया। इसके साथ ही राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से मामले की जांच कराने की मांग उठाई गई।

यतनाल ने आरोप लगाया,''यह दुर्भाग्यपूर्ण है, मुख्यमंत्री को केवल तुष्टीकरण में लगे रहने के बजाय सभी समुदायों के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करना होता है। मुख्यमंत्री हाल ही में हुब्बल्ली में एक मुस्लिम समुदाय की बैठक में गए थे। मैंने वहां कुछ मौलवियों को देखा, जिन्हें पाकिस्तान से धन मिलता था। मंच पर ऐसे लोग भी मौजूद थे जिनका संबंध आईएसआईएस से है।''

उन्होंने यहां संवाददाताओं के समक्ष आरोप लगाया कि सिद्धरमैया के बगल में जो एक मौलवी था उसका संबंध आईएसआईएस से है।

भाजपा नेता ने कहा,''मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ऐसे ही लोगों की एक बैठक में गए थे। इससे जुड़े तथ्य सामने रखें, पुलिस विभाग के पास खुफिया जानकारी है। मैं गंभीरता से बोल रहा हूं।''

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने हुब्बल्ली में औलाद-ए-गौस-ए-आजम सम्मेलन में सिद्धरमैया के शामिल होने के बाद ये आरोप लगाए।

उन्होंने आरोपित व्यक्ति को लेकर कहा,''एक सप्ताह तक प्रतीक्षा करें, मैं आईएसआईएस के साथ उसके संबंधों के बारे में विवरण साझा करूंगा।''

यतनाल ने कहा कि वह केंद्र सरकार और खुफिया विभाग के साथ संपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)