देश की खबरें | कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु के विकास के लिए प्रभारी मंत्री बने रहने का संकेत दिया

बेलगावी (कर्नाटक), 21 दिसंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को संकेत दिया कि वह बेंगलुरु के विकास के लिए प्रभारी मंत्री बने रहेंगे और शहर की प्रगति उनकी शीर्ष प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर केंद्रीय व्यापार जिले को एक मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है और भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों में इसका अनुकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा, ‘‘मैंने बेंगलुरु को अत्यंत प्राथमिकता और समय दिया है तथा कई बैठकें की हैं। मैं इस बात से अवगत हूं कि बेंगलुरु महत्वपूर्ण है। इसलिए मैंने शहर के प्रभारी मंत्री का पदभार अपने पास ही रखा है।’’

उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह और खर्च, दोनों ही मामलों में वित्त विभाग और बेंगलुरु में सीधा संबंध है।

उन्होंने कांग्रेस विधायक के. जे. जॉर्ज के एक बयान का जवाब देते हुए यह कहा। जॉर्ज ने कहा था कि मुख्यमंत्री, जो बेंगलुरु के विकास प्रभारी हैं, शहर पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहे हैं क्योंकि उन्हें बाढ़ और कोविड-19 महामारी को लेकर पूरे राज्य पर ध्यान देना पड़ रहा है।

कांग्रेस विधायक ने बेंगलुरु शहर के लिए एक अलग प्रभारी मंत्री बनाने का भी सुझाव दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)