देश की खबरें | कर्नाटक: बोम्मई ने सरकार से सूखा घोषित करने, हरेक विधानसभा क्षेत्र को एक करोड़ रुपये देने की मांग की

बेंगलुरु, 18 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से ‘कृषि सूखा’ घोषित करने और पेयजल की समस्या से निपटने के लिए हर निर्वाचन क्षेत्र को एक-एक करोड़ रुपये का अनुदान देने का आग्रह किया।

उन्होंने दावा किया कि राज्य के कुछ हिस्सों में कम बारिश होने की वजह से किसानों ने कम भूमि पर बीजों की बुवाई की है।

विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर किसानों की खुदकुशी को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। बोम्मई ने विधानसभा में अपने और भाजपा के अन्य नेताओं की ओर से दिए गए कार्य स्थगन प्रस्ताव के नोटिस के पक्ष में शुरुआती टिप्पणी करते हुए यह बात कही।

बोम्मई ने कहा कि उत्तर कर्नाटक, कल्याण कर्नाटक और राज्य के कई अंदरुनी इलाकों में बारिश नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि समय पर बारिश नहीं हुई है। बोम्मई ने कहा कि मानसून पूर्व बारिश की कमी की वजह से किसानों ने बीजों की बुवाई नहीं की।

उन्होंने कहा, “ इस तरह की रिपोर्ट है कि बुवाई सात लाख हेक्टेयर से ज्यादा भूमि पर होनी थी लेकिन बारिश की कमी की वजह से सिर्फ 1.14 लाख हेक्टयर क्षेत्र में हुई। अगर ऐसा ही रहा तो कृषि उत्पादन कम होगा जिसका असर राजस्व पर पड़ेगा और किसान संकट में आएंगे।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “ वे (सत्ता पक्ष) कहते हैं कि पेयजल के लिए एक करोड़ रुपये (जिला पंचायतों के) सीईओ को दिए गए हैं। यह काफी नहीं है। मैं मांग करता हूं कि हरेक निर्वाचन क्षेत्र को एक-एक करोड़ रुपये दिया जाए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)