देश की खबरें | कर्नाटकः पुलिस उत्पीड़न का सामना करने वाले कार्यकर्ताओं को कानूनी मदद प्रदान करेगी भाजपा

बेंगलुरु, 26 नवंबर कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने रविवार को कहा कि पार्टी राज्य में जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष खोल कार्यकर्ताओं को कानूनी मदद प्रदान करेगी, क्योंकि पुलिस उत्पीड़न की शिकायतें मिल रही हैं।

शिकारीपुर से विधायक ने 'एक्स' पर एक संदेश में कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के 'जनविरोधी' रवैये के खिलाफ बोलने पर अगर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जाता है तो पार्टी उन्हें (कार्यकर्ताओं को) कानूनी सहायता प्रदान करेगी।

भाजपा के बड़े नेताओं में से एक और पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के पुत्र विजयेंद्र ने कहा,'' हमे सोशल मीडिया पर सक्रिय हमारे कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा निशाना बनाए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस सरकार के जनविरोधी रवैये और उसकी विफलताओं के खिलाफ किसी भी मुद्दे को सोशल मीडिया सहित अन्य मंचों पर उठाने से घबराने की जरूरत नहीं है।''

भाजपा नेता ने कहा,''कानून ने पुलिस को संविधान द्वारा लोगों को दी गई अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने का अधिकार नहीं दिया है।''

उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य के किसी भी कोने में 'हमारे कार्यकर्ता भाइयों' को परेशानी, धमकी या उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है तो पार्टी तुरंत मदद के लिए आगे आएगी।

विजयेंद्र ने कहा,'' राज्य और जिला कार्यालयों में जल्द ही नियंत्रण कक्ष खोलने का निर्णय लिया गया है जो शिकायतें दर्ज करने और हमारे कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए चौबीसों घंटे काम करेंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)