देश की खबरें | कर्नाटक के भाजपा विधायक को उत्पीड़न व रिश्वतखोरी के मामले में पुलिस हिरासत में भेजा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने रविवार को कहा कि बीबीएमपी ठेकेदार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों में गिरफ्तार भाजपा विधायक एन मुनिरत्न को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
तुमकुर (कर्नाटक), 15 सितंबर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने रविवार को कहा कि बीबीएमपी ठेकेदार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों में गिरफ्तार भाजपा विधायक एन मुनिरत्न को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
मंत्री ने पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी के पीछे किसी भी प्रतिशोध की राजनीति से इनकार किया और कहा कि कार्रवाई कानून के अनुसार की गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक को उनके खिलाफ दर्ज दो मामलों के संबंध में गिरफ्तार किया गया है।
बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मुनिरत्न को शनिवार शाम को कोलार के मुलबागल के नांगली गांव से हिरासत में लिया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के एक ठेकेदार को रिश्वत के लिए परेशान किया, एक पूर्व पार्षद के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, धोखाधड़ी की, धमकी दी और एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचायी।
शिकायतकर्ताओं में शामिल एक ठेकेदार चेलुवराजू ने अपने और मुनिरत्न के बीच फोन पर हुई बातचीत की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जारी की है।
परमेश्वर ने कहा, “एक शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने (मुनिरत्न) एक पूर्व पार्षद और एक ठेकेदार के बारे में भी बहुत अपमानजनक तरीके से बात की। शिकायत के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अब जांच शुरू हो गई है।”
यहां संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि आज सुबह मुनिरत्न को एक न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुनिरत्न ने शनिवार को एक वीडियो बयान में अपने खिलाफ लगे आरोपों को “सत्य से कोसों दूर” बताया था और दावा किया था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
पार्टी अनुशासन के उल्लंघन का हवाला देते हुए प्रदेश भाजपा ने मुनिरत्न को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उन्हें पांच दिनों में अनुशासन समिति के समक्ष आरोपों पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2024 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

