देश की खबरें | कर्नाटक भाजपा ने केंद्रीय बजट को दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बताया

बेंगलुरु, एक फरवरी भाजपा की कर्नाटक इकाई ने शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बताया।

पार्टी नेताओं ने कहा कि बजट मध्यम वर्ग के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को भी राहत प्रदान करने वाला है।

पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “मैं माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को एक दूरदर्शी बजट पेश करने के लिए हार्दिक बधाई देता हूं जो विकसित भारत की यात्रा में एक और उपलब्धि है।”

उनके अनुसार, 2025-26 का बजट किसानों, मध्यम वर्ग और छोटे एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने में सहायक होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी बजट की सराहना की और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

हुबली में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बजट को विकासोन्मुखी बताया।

उन्होंने कहा, “यह एक बहुत ही समावेशी बजट है जिससे किसानों, युवाओं, महिलाओं और एससी/एसटी समुदायों को लाभ मिलेगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)