देश की खबरें | कर्नाटक विधानसभा चुनाव : भाजपा और जद (एस) के बीच चन्नापटना क्षेत्र में ‘कड़ी टक्कर’

चन्नापटना (कर्नाटक), आठ मई कर्नाटक में लकड़ी के खिलौने बनाने और रेशम उत्पादन के लिए मशहूर विधानसभा क्षेत्र चन्नापटना के कई मतदाता इस चुनावी माहौल में बार-बार यह टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं कि यहां “कड़ी टक्कर” है।

जद (एस) नेता और दो बार के मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सी. पी. योगेश्वर के बीच रामनगर जिले के चन्नापटना में “कड़ी टक्कर” है। दोनों क्षेत्र के प्रभावशाली वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

यहां कांग्रेस की ओर से गंगाधन एस. मैदान में हैं।

योगेश्वर 1999 से निर्दलीय के रूप में और कांग्रेस, भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) से भी इस क्षेत्र से पांच बार चुने गए हैं।

उन्हें 2018 के चुनाव में चन्नापटना क्षेत्र में कुमारस्वामी के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जहां कुमारस्वामी ने पहली बार राजनीति में प्रवेश किया। कुमारस्वामी ने तब योगेश्वर को 21,530 मतों से हराया था।

2013 में सपा उम्मीदवार के रूप में योगेश्वर ने कुमारस्वामी की पत्नी जद (एस) की अनीता कुमारस्वामी को 6,464 मतों से हराया।

कुमारस्वामी और योगेश्वर दोनों फिल्म उद्योग से जुड़े रहे हैं। जहां कुमारस्वामी एक फिल्म निर्माता एवं वितरक थे, वहीं योगेश्वर ने कुछ फिल्मों में काम किया है।

‘पीटीआई-’ ने इस अवधि में जितने भी मतदाताओं से बात की उनमें से अधिकांश मतदाता खुले तौर पर अपनी पसंद व्यक्त करने को तैयार नहीं थे और जैसा कि मतदाताओं ने कहा, “कुमारस्वामी और योगेश्वर के बीच “कड़ी लड़ाई” है”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)