खेल की खबरें | जूनियर हॉकी विश्व कप संभावित खिलाड़ियों के लिए 40 दिवसीय ट्रेनिंग शिविर

बेंगलुरु, 20 जून भारतीय जूनियर हॉकी संभावित खिलाड़ी दिसंबर में कुआलालंपुर में होने वाले विश्व कप की तैयारियों के लिये बुधवार से 40 दिन के शिविर के दौरान कड़ी ट्रेनिंग करेंगे ताकि अपने कौशल में सुधार कर सकें।

इनमें से 30 खिलाड़ी बुधवार को यहां भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में कोच सीआर कुमार को रिपोर्ट करेंगे और बाकी दो जुलाई को शिविर से जुड़ेंगे।

शिविर 31 जुलाई को खत्म होगा।

कुमार ने कहा कि इस महीने ओमान में जूनियर एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद टीम आत्मविश्वास से ओतप्रोत है लेकिन विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए उन्हें अपने कौशल को अलग स्तर पर ले जाने की जरूरत है।

उन्होंने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अब हमें उस जीत (पाकिस्तान के खिलाफ) से आगे बढ़ना होगा और अगले बड़े टूर्नामेंट पर ध्यान लगाना होगा जो विश्व कप है। ’’

कुमार ने कहा, ‘‘खिलाड़ी अपनी तैयारियां आगामी शिविर में कड़े ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा लेकर करेंगे। ’’

जूनियर विश्व कप पांच से 16 दिसंबर तक होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)