एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में कनिष्ठ चिकित्सकों ने प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शहर स्थित सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु (पीजीटी) चिकित्सक की हत्या के विरोध में राज्य के विभिन्न अस्पतालों के कनिष्ठ चिकित्सकों ने शनिवार को प्रदर्शन किया और जुलूस निकाला।

देश की खबरें | कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में कनिष्ठ चिकित्सकों ने प्रदर्शन किया

कोलकाता, 10 अगस्त शहर स्थित सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु (पीजीटी) चिकित्सक की हत्या के विरोध में राज्य के विभिन्न अस्पतालों के कनिष्ठ चिकित्सकों ने शनिवार को प्रदर्शन किया और जुलूस निकाला।

उन्होंने महिला डॉक्टर की हत्या और उसका यौन उत्पीड़न करने में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।

अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष में शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात पीजीटी चिकित्सक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था।

'इंटर्न', स्नातकोत्तर प्रशिक्षुओं, कनिष्ठ चिकित्सकों सहित अन्य कर्मचारियों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और मेडिकल कॉलेज, कोलकाता में प्रदर्शन किया तथा जुलूस निकाला।

बर्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा बांकुरा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज सहित कुछ जिलों के अस्पतालों में भी प्रदर्शन किया गया।

उन्होंने महिला चिकित्सक का यौन उत्पीड़न और हत्या करने में संलिप्त लोगों को कड़ी सजा देने तथा अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा की मांग की।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और युवा शाखा ‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (डीवाईएफआई) ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में हत्या के विरोध में शनिवार और रविवार को सड़क जाम करेंगे।

मृतका ‘चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट’ की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और बृहस्पतिवार रात वह ड्यूटी पर थी। उसके शव पर चोट के निशान पाए गए।

पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हुई है कि प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की हत्या करने से पहले उसका यौन शोषण किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2024 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).