श्रीनगर, 27 जुलाई जम्मू एंड कश्मीर (जेएंडके) बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 27 प्रतिशत बढ़कर 415 करोड़ रुपये हो गया है।
बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 326 करोड़ रुपये रहा था।
जेएंडके बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जून तिमाही में उसकी कुल आमदनी बढ़कर 3,188 करोड़ रुपये रही है, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,885 करोड़ रुपये थी।
बैंक की ब्याज आमदनी जून तिमाही में बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,657 करोड़ रुपये थी। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) जून तिमाही में सात प्रतिशत बढ़कर 1,369 करोड़ रुपये हो गई है।
बैंक की सकल गैर निष्पादित आस्तियां (एनपीए) जून 2024 तक घटकर सकल अग्रिम का 3.91 प्रतिशत रह गईं, जो एक वर्ष पूर्व इसी तिमाही में 5.77 प्रतिशत थी।
शुद्ध एनपीए भी घटकर जून तिमाही के बाद 0.76 प्रतिशत रह गया, बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही के बाद 1.39 प्रतिशत था।
जून, 2024 के अंत तक बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) बढ़कर 15.07 प्रतिशत हो गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 14.83 प्रतिशत था।
बैंक ने एक बयान में कहा कि शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) तिमाही आधार पर 3.86 प्रतिशत हो गया है, जो 2023-24 की चौथी तिमाही में 3.77 प्रतिशत था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY