देश की खबरें | झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रांची, तीन अक्तूबर झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का यहां मेदांता अस्पताल में शनिवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद से वह अस्पताल में भर्ती थे।

हालांकि, शुक्रवार को उनकी कोविड जांच रिपोर्ट नेगेटिव आयी थी।

यह भी पढ़े | Ram Vilas Paswan Health Update: राम विलास पासवान की तबीयत बिगड़ने के चलते LJP की संसदीय बोर्ड की बैठक स्थगित, बेटे चिराग अस्पताल के लिए हुए रवाना.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हाजी हुसैन अंसारी के निधन की सूचना दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ‘‘सरकार में मेरे साथी मंत्री आदरणीय हाजी हुसैन अंसारी साहब जी के निधन से अत्यंत आहत हूँ। हाजी साहब ने झारखण्ड (के गठन के लिये) आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वह सरल भाव और दृढ़ विश्वास वाले जन नेता थे।’’

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: महागठबंधन में सीटें फाइनल, 144 पर RJD, 70 पर लड़ेगी कांग्रेस, तेजस्वी यादव होंगे CM पद के उम्मीदवार.

सोरेन ने कहा, ‘‘परमात्मा हाजी साहब की आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’’

मेदांता अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि अंसारी के संक्रमण से उबरने के बाद शुक्रवार को उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लिहाजा उनकी मृत्यु कोरोना वायरस संक्रमण से नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि उनकी मृत्यु आज शाम हृदय गति रुक जाने से हुई।

अंसारी के परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व ही उनके हृदय की शल्य चिकित्सा हुई थी।

इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने अंसारी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा, ‘‘हाजी हुसैन अंसारी का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वह पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित थे और बहुत ही सरल स्वभाव के थे।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा, ‘‘अंसारी के निधन से मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत दुखी हूं। वह बहुत ही सरल स्वभाव के थे और उन्होंने राजनीति का स्तर सदा उंचा बनाये रखा।’’

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रारंभिक सूचना मिली है कि अंसारी की मृत्यु कोरोना से नहीं हुई है।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अंसारी के निधन पर शोक प्रकट किया है और कहा कि अंसारी के निधन से राज्य की राजनीति में एक सूनापन आ गया है।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी अंसारी के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इससे पूर्व इस वर्ष मार्च में दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तबलीगी जमात के मरकज से लौटने के बाद अंसारी तथा उनके पुत्र घर पर ही पृथक-वास में रहे थे।

झारखंड के मधुपुर विधानसभा से अंसारी झामुमो के टिकट पर चार बार विधायक निर्वाचित हुए थे। दिसंबर 2019 में विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया था।

इन्दु ,

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)