देश की खबरें | झारखंड : सचिवालय घेराव के दौरान हंगामा मामले में भाजपा विधायक और प्रदेश अध्यक्ष से पूछताछ

रांची, 22 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और भगवा दल के तीन विधायक पार्टी की ओर से 11 अप्रैल को आयोजित सचिवालय के घेराव के दौरान हुए हंगामे के सिलसिले में पूछताछ के लिए शनिवार को पुलिस के समक्ष पेश हुए।

हटिया से विधायक नवीन जायसवाल, रांची से विधायक सीपी सिंह और कांके से विधायक समरी लाल, धुर्वा पुलिस थाने में पूछताछ के लिए उपस्थित हुए। इनके अलावा पार्टी के मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक भी थाना पहुंचे।

प्रकाश ने कहा, ‘‘ जब हम जनता के मुद्दों को लेकर सचिवालय का घेराव करने पहुंचे तो मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने पानी की बौछारें छोड़ी, आंसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज किया। अब फर्जी मामला दर्ज किया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम भाजपा कार्यकर्ता हैं और कानून का सम्मान करते हैं। हमें समन भेजा गया था और हम जांच में सहयोग करने आए हैं। लेकिन हम जनता के मुद्दों के लिए लड़ना जारी रखेंगे भले ही हमारे खिलाफ सैकड़ों मुकदमे दर्ज क्यों न कर दिए जाएं।’’

गौरतलब है कि 15 अप्रैल को भाजपा का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन से मिला था और राज्य सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग की थी।

उन्होंने राज्यपाल से शिकायत की थी कि उनके खिलाफ ‘‘ फर्जी मामले दर्ज किए जा रहे हैं।’’

गौरतलब है कि पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित 41 भाजपा नेताओं के खिलाफ धारा-144 का उल्लंघन करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)