देश की खबरें | झारखंड: कांग्रेस के पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह का निधन

रांची, 21 अप्रैल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह का सोमवार को झारखंड के गिरिडीह जिले के एक अस्पताल में निधन हो गया जहां वह भर्ती थे। वह 87 वर्ष के थे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

अस्पताल के एक अधिकारी के अनुसार सिंह मधुमेह सहित कई बीमारियों से जूझ रहे थे।

कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने सिंह के निधन पर दुख प्रकट किया।

कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सिंह को जमीन से जुड़ा नेता बताया।

कमलेश ने कहा, ‘‘उन्होंने मुखिया के पद से सांसद बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कांग्रेस के लिए कोडरमा लोकसभा सीट दो बार जीती। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता।’’

सिंह 1980 में धनवार विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 1984 और 1999 में कोडरमा लोकसभा सीट जीती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)