रांची, 29 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने कहा कि वह सोमवार को राज्य विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र के दौरान बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाएगी।
यह निर्णय रविवार शाम को यहां पार्टी विधायक दल की बैठक में किया गया।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी ने कहा, ‘‘झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसलिए हम बांग्लादेशी घुसपैठ, जनसांख्यिकी परिवर्तन और भ्रष्टाचार जैसे कई मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहते हैं।’’
विधानसभा का छह दिवसीय मॉनसून सत्र शुक्रवार को शुरू हुआ।
बाउरी ने आरोप लगाया कि झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में जनजातीय जनसंख्या घट रही है, जबकि बांग्लादेशी घुसपैठियों की आबादी में वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर चुप है।
उन्होंने कहा, ‘‘1951 में संथाल परगना में जनजातीय आबादी 44 प्रतिशत थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 28 प्रतिशत रह गई। दूसरी ओर उस समय नौ प्रतिशत मुस्लिम आबादी आज बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई। हम सरकार से जवाब मांगेंगे कि उसने संथाल परगना क्षेत्र में जनजातीय आबादी की सुरक्षा के लिए क्या किया।’’
बाउरी ने आरोप लगाया कि झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनता से किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार न तो युवाओं को रोजगार दे सकी और न ही बेरोजगारी भत्ता मिला।’’
बाउरी ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गया है।
सत्तारूढ़ गठबंधन ने शुक्रवार को अपने विधायक दल की बैठक के दौरान कहा था कि वह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देंगे और उम्मीद है कि विपक्ष सदन के सुचारू संचालन में सहयोग करेगा।
2024-25 के लिए पहला अनुपूरक बजट सोमवार को पेश किया जाएगा और सत्र के दौरान कई विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बजट सत्र दो अगस्त को समाप्त होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY