ताजा खबरें | झारखंड : पूर्वाह्न एक बजे तक चार लोकसभा सीट पर 42.54 प्रतिशत मतदान

रांची, 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में शनिवार को चार लोकसभा सीट पर जारी मतदान के दौरान अपराह्न एक बजे तक 42.54 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

अधिकारियों ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

गिरिडीह में सबसे अधिक 45.82 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद जमशेदपुर में 43.44 प्रतिशत, रांची में 41.83 प्रतिशत और धनबाद में 39.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैंने रांची के श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मैं सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करता हूं। लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।’’

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रांची में जेवीएम श्यामली स्कूल में मतदान केंद्र पर वोट डाला।

धोनी दोपहर को अपनी पत्नी साक्षी, पिता पान सिंह और मां देवकी देवी के साथ जेवीएम श्यामली पहुंचे जहां उन्होंने स्कूली शिक्षा प्राप्त की थी।

जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैंने अन्याय पर न्याय की बड़ी जीत के लिए चुनाव के महान पर्व में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आप सभी से अपने मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में पहुंचने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए अपने अधिकार का प्रयोग करने की अपील करती हूं। हेमंत हैं तो हौसला है। झारखंड झुकेगा नहीं। ‘इंडिया’ रुकेगा नहीं।’’

राज्य में इस चरण में 93 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रांची से कुल 27, धनबाद और जमशेदपुर से 25-25 और गिरिडीह से 16 उम्मीदवार मुकाबले में हैं।

इस चरण में 40.09 लाख महिला मतदाताओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी 8,963 मतदान केंद्रों पर करीबी नजर रखी जा रही है। इस चरण में करीब 36,000 चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है।

रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी और कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

बाघमारा से भाजपा के विधायक दुलु महतो और बेरमो से कांग्रेस के विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच धनबाद में सीधा मुकाबला है।

जमशेदपुर में, भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई है।

गिरिडीह में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला टुंडी से झामुमो के विधायक मथुरा महतो से है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)