देश की खबरें | बीमार जूनियर महमूद से मिलने पहुंचे जीतेंद्र, सचिन पिलगांवकर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता जीतेंद्र और सचिन पिलगांवकर ने चरित्र अभिनेता जूनियर महमूद से यहां उनके आवास पर मुलाकात की, जिन्हें चौथे चरण का पेट का कैंसर है।
मुंबई, छह दिसंबर अभिनेता जीतेंद्र और सचिन पिलगांवकर ने चरित्र अभिनेता जूनियर महमूद से यहां उनके आवास पर मुलाकात की, जिन्हें चौथे चरण का पेट का कैंसर है।
जूनियर महमूद का असली नाम नईम सैय्यद है। उन्हें ‘कारवां’, ‘हाथी मेरे साथी’ और ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जाना जाता है।
मीडिया में आई खबरों के अनुसार, जूनियर महमूद के अभिनेताओं से मिलने की इच्छा जताने के बाद जीतेंद्र मंगलवार को उनके घर गए। दोनों ‘सुहाग रात’ और ‘कारवां’ सहित कई फिल्मों में पर्दे पर साथ दिखे थे।
सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों के अनुसार, 81 वर्षीय जीतेंद्र वहां पहुंचने पर भावुक हो गए। उनके साथ अभिनेता जॉनी लीवर (66) भी थे।
पिलगांवकर ने भी मंगलवार को जूनियर महमूद से उनके आवास पर मुलाकात की और बाद में इंस्टाग्राम पर एक संदेश पोस्ट कर अपने फॉलोअर से उनके बचपन के दोस्त के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने को कहा।
पिलगांवकर (66) ने पोस्ट किया, ‘‘मैं आप सभी से मेरे बचपन के दोस्त जूनियर महमूद के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करता हूं जो एक घातक बीमारी से पीड़ित है। मैंने कुछ दिन पहले उनके साथ वीडियो कॉल पर बातचीत की थी और आज उन्हें देखने गया लेकिन वह सो रहे थे। उनका उपचार जारी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर उनके बेटे और जॉनी लीवर के संपर्क में हूं।’’
जूनियर महमूद ने बाल कलाकार के रूप में ‘मोहब्बत जिंदगी है’ (1966) और ‘नौनिहाल’ (1967) से शुरुआत की। 1968 की फिल्म ‘सुहाग रात’ में एक साथ अभिनय करने के बाद (दिवंगत) हास्य कलाकार महमूद ने उन्हें जूनियर महमूद नाम दिया था।
जॉनी लीवर ने तीन दिसंबर को पीटीआई- को बताया था कि जूनियर महमूद को पेट के कैंसर से पीड़ित होने का पता चला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)