श्रीनगर, एक सितंबर जम्मू कश्मीर के पुलिस प्रमुख आर आर स्वैन ने पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जिन्हें हाल ही में मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। पुलिस प्रमुख ने उन्हें ‘‘साहस और करुणा का अद्वितीय मिश्रण’’ बताया तथा परिवार एवं समुदाय दोनों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
बत्तीस वर्षीय भट 13 सितंबर, 2023 को दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले चार अधिकारियों में से एक थे। उन्हें असाधारण वीरता के लिए इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था।
स्वैन ने भट के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने उनकी पत्नी फातिमा हुमायूं तथा उनके एक वर्षीय बेटे अली अशर से बात की। स्वैन के साथ उनकी पत्नी रस्मिता दास स्वैन और पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) वी के बिरदी भी थे।
इस दौरान, स्वैन ने भट के असाधारण साहस और समुदाय की सेवा के लिए उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने इसके साथ ही शोकसंतप्त परिवार के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस के अटूट समर्थन की पुष्टि की।
पुलिस प्रमुख जब भट के परिवार के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे, तो अली अशर ने स्वैन द्वारा लाई गई एक टोकरी से एक चॉकलेट निकालकर रस्मिता दास स्वैन को दी, जिसे देखकर सभी के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
पुलिस विभाग के सहयोग से प्रसन्न फातिमा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मैं वास्तव में पुलिस विभाग को अपने परिवार के रूप में देखती हूं। वे हमेशा हमारे लिए मौजूद रहे हैं, जब भी ज़रूरत पड़ी, वे आगे आए। उनका निरंतर समर्थन अविश्वसनीय रूप से आश्वस्त करने वाला है।’’
वह अपने बेटे को बहादुरी और ईमानदारी के मूल्यों के साथ बड़ा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं, जो भट में समाहित थे। उन्होंने हाल ही में कश्मीर विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में एक पद स्वीकार किया है। इस तरह का पद दिया जाना शहीद अधिकारियों के परिवार के प्रति सम्मान प्रकट करने का उदाहरण है।
चिकित्सीय मनोविज्ञान में एम फिल कर चुकीं फातिमा ने कहा, ‘‘मैं हुमायूं (भट) की विधवा नहीं कहलाना चाहती। मेरी शादी मेरे जीवन की पूर्णता थी और मैं हमेशा उनकी पत्नी रहूंगी।’’
सेना की कश्मीर आधारित पंद्रहवीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने हाल ही में फातिमा को एक पत्र भेजकर उनके पति के बलिदान की सराहना की थी और उन्हें कीर्ति चक्र पुरस्कार के लिए बधाई दी थी।
इस साल की शुरुआत में, फातिमा को घाटी की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का अवसर मिला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY