देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर: उमर, महबूबा व वानी ने राहुल की दोषसिद्धि पर न्यायालय के स्थगन का स्वागत किया

श्रीनगर, चार अगस्त , जम्मू कश्मीर में राजनीतिक दलों ने 2019 के मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषिसद्धि पर उच्चतम न्यायालय के स्थगन का शुक्रवार को स्वागत किया।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘लोकसभा में प्रतिनिधित्व बहाल होने के लिए वायनाड के लोगों को बधाई। ’’

पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ‘‘भारत के विचार’’ के वास्ते संघर्ष करने के लिए राहुल गांधी संसद में लौटेंगे।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ एक ऐसे मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय के स्थगन का मैं स्वागत करती हूं जिसमें खड़े होने का दम नहीं है। (मुझे) खुशी है कि भारत के विचार के वास्ते संघर्ष करने के लिए वह संसद में लौटेंगे।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि इंसाफ कायम हुआ है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय के स्थगन का हम स्वागत करते हैं। कोई भी ताकत जनता की आवाज को दबा नहीं सकती।’’

उच्चतम न्यायालय ने मोदी उपनाम से जुड़े मानहानि के 2019 के मामले में गांधी की दोषसिद्धि पर शुक्रवार को स्थगन लगा दिया।

न्यायमूर्ति बी आर गवई, न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि बयान अच्छे नहीं थे और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति से सार्वजनिक भाषण देते समय सावधानी बरतने की अपेक्षा की जाती है। इन पहलुओं को ध्यान में रखते हुए और चूंकि निचली अदालत के न्यायाधीश द्वारा अधिकतम सजा देने के लिए कोई कारण नहीं बताया गया, दोषसिद्धि के आदेश पर अंतिम फैसला आने तक रोक लगाने की जरूरत है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)