देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल, पूर्व मुख्यमंत्रियों ने शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया

श्रीनगर/जम्मू, 13 जनवरी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्र शासित प्रदेश के अन्य नेताओं ने वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्होंने धर्मनिरपेक्षता और विविधता के अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया और हमेशा उनके साथ खड़े रहे।

वरिष्ठ नेता एवं जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 75 वर्ष के थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं। यादव लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और नियमित रूप से ‘डायलिसिस’ करवाते थे।

सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘उनका लंबा सार्वजनिक जीवन लोगों की निःस्वार्थ सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘शरद यादव जी के आकस्मिक निधन से दुखी हूं। वह उन राजनीतिज्ञों की पीढ़ी से संबंध रखते थे जिन्होंने भारत की सोच के लिए जी-जान से लड़ाई लड़ी और धर्मनिरपेक्षता और विविधता के अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं।’’

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और उनके पिता फारूक अब्दुल्ला ने भी यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उमर ने ट्वीट किया, ‘‘मैं शरद यादव जी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वह एक महान समाजवादी नेता थे, जिनका लोगों से गहरा जुड़ाव था। उनकी कमी महसूस होगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि यादव को सभी याद करेंगे।

डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी बनाने वाले आजाद ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि। शरद जी एक कद्दावर नेता थे जो हमेशा गरीब और कमजोर लोगों के साथ खड़े रहते थे। भारत के महान समाजवादी नेता को मेरी श्रद्धांजलि। उनकी कमी हम सभी को खलेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)