देश की खबरें | जम्मू कश्मीर: हुर्रियत कांफ्रेंस ने राजौरी में हुई हत्याओं की निंदा की

श्रीनगर, तीन जनवरी मीरवाइज उमर फारूक की अध्यक्षता वाली हुर्रियत कांफ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों द्वारा हाल में निर्दोष लोगों की हत्या की मंगलवार को निंदा की।

अलगाववादी संगठन ने एक बयान में कहा, ‘‘हुर्रियत कांफ्रेंस सैद्धांतिक तौर पर किसी भी रूप में हत्या और हिंसा के खिलाफ है।’’

मृतकों के परिवारों और राजौरी के लोगों के साथ सहानुभूति और एकजुटता व्यक्त करते हुए संगठन ने कहा कि वह उनके दुख में साथ है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता है।

संगठन ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में लोगों की जान जाने और इससे हुई अपूरणीय क्षति इस क्षेत्र की त्रासदी है जिसे हम पिछले तीन दशकों से अधिक समय से देख रहे हैं। इस भंवर को तोड़ने और मूल कारण को हल करने के लिए हुर्रियत ने हमेशा हितधारकों के बीच बातचीत की वकालत की है।’’

हुर्रियत ने कहा कि एकतरफा फैसले और कार्रवाई ‘‘संघर्ष को रोक नहीं सकते हैं और न ही इसे समाप्त कर सकते हैं’’।

अधिकारियों ने कहा था कि सीमावर्ती राजौरी जिले के गांव में रविवार शाम अल्पसंख्यक समुदाय के तीन घरों पर आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में चार नागरिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)