देश की खबरें | जम्मू कश्मीर कांग्रेस ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार पर साधा निशाना

जम्मू, 15 फरवरी कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि सरकार लोगों के खर्च पर ‘‘मुनाफा’’ कमा रही है।

पार्टी के सदस्यों ने मुद्दे को लेकर भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ तालाब तिल्लो चौक पर प्रदर्शन किया और ईंधन की कीमतों में की गयी वृद्धि को तुरंत वापस लिए जाने की मांग की।

तेल के अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में इजाफे के कारण लगातार सातवें दिन सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की गयी।

पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए जम्मू कश्मीर कांग्रेस के उपाध्यक्ष रमन भल्ला ने आरोप लगाया कि सरकार ‘‘उगाही’’ कर रही है। लोग महंगाई से त्रस्त हैं, वहीं सरकार कर संग्रह करने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार लोगों के खर्च पर मुनाफा कमा रही है।’’ भल्ला ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 2014 से डीजल और पेट्रोल की कीमतों पर उत्पाद शुल्क में 14 बार बढ़ोतरी की है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट का फायदा लोगों को देने के बजाए केंद्र सरकार ने 2014 से 14 बार उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी की और 18 लाख करोड़ रुपये जुटाए।’’

कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि पुलिस ने पार्टी को प्रदर्शन स्थल से जम्मू उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालने की इजाजत नहीं दी। पार्टी ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपना चाहती थी।

हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)