देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर: ‘अल बद्र’ से जुड़े अफगानिस्तान के नागरिक के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज

मेंढर/जम्मू, 10 अगस्त जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट गिरफ्तार किए गए अफगानिस्तान के नागरिक के खिलाफ पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों से संबंध होने के आरोप में गैर-कानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सेना ने बाएं पैर से विकलांग अब्दुल वाहिद को सोमवार को सीमा पार करके भारत में घुसने की कोशिश करते समय हिरासत में लिया था। अगले दिन आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि सेना की ओर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ यूएपीए और निकास एवं आंतरिक संचलन (नियंत्रण) अध्यादेश की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

अधिकारी ने कहा कि उससे पूछताछ के दौरान पता चला कि वह आतंकी समूह 'अल-बद्र' से जुड़ा है और इलाके की रेकी करने आया था।

इस बीच, एक स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को अफगान नागरिक को 10 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी ने बताया कि वहाब को मेंढर उपमंडल में मुंसिफ अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी हिरासत मांगी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)