एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर : ‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ कटरा में बंद छठे दिन भी जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में प्रस्तावित ‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ सोमवार को छठे दिन भी बंद जारी रहा तथा प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आंदोलनकारियों की भूख हड़ताल भी जारी है।

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर : ‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ कटरा में बंद छठे दिन भी जारी

रियासी/जम्मू, 30 दिसंबर जम्मू कश्मीर में वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में प्रस्तावित ‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ सोमवार को छठे दिन भी बंद जारी रहा तथा प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आंदोलनकारियों की भूख हड़ताल भी जारी है।

श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने बंद का आह्वान किया है, जो बुधवार से शुरू हुआ। समिति ने घोषणा की है कि इस दौरान कटरा में सभी गतिविधियां निलंबित रहेंगी।

हिरासत में लिए गए समिति के नेता भूपिंदर सिंह की पत्नी शिवानी जामवाल भी प्रदर्शनकारियों में शामिल हो गईं और उन्होंने पुलिस हिरासत में अपने पति और अन्य लोगों की बिगड़ती हालत का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल रिहा न किए जाने पर आत्मदाह करने की धमकी दी।

समिति के आह्वान के बाद लगातार छठे दिन शहर में सभी दुकानें, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों पर यातायात नदारद रहा। बंद के कारण गुफा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है।

समिति के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जब तक सरकार रोपवे परियोजना को रद्द नहीं करती, तब तक बंद जारी रहेगा। यह अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई होने के साथ ही माता के पारंपरिक मार्ग से तीर्थयात्रा की निरंतरता सुनिश्चित करना भी है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने या समिति के साथ बातचीत करने से इनकार करके जानबूझकर स्थिति को और खराब कर रही है।

श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के 18 सदस्यों की रिहाई की मांग को लेकर पांच युवक बुधवार रात से भूख हड़ताल पर हैं। इन सदस्यों को कटरा में रोपवे परियोजना के खिलाफ विरोध मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया था।

शिवानी जामवाल ने कहा, ‘‘अगर आज शाम तक मेरे पति और अन्य को रिहा नहीं किया गया तो मैं आत्मदाह कर लूंगी।’’

उन्होंने दावा किया कि हिरासत में लिए गए लोगों की सेहत बिगड़ रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2024 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).