जम्मू, 10 अगस्त जम्मू-कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने ठगी के मामले में नौ वर्ष से फरार आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने नौ वर्ष पहले अभ्यर्थियों के साथ ठगी को अंजाम दिया था।
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर के बेमिना इलाके के रहने वाले बिलाल अहमद हांडू उर्फ 'डॉक्टर साहिब' को जम्मू अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा के विशेष दल ने गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की शिकायत के बाद 2012 में जम्मू पुलिस थाने की अपराध शाखा में रणबीर दण्ड संहिता के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। व्यक्ति ने अपनी शिकायत में यह आरोप लगाया कि उसके बच्चों की सरकारी नौकरी का प्रबंध कराने की एवज में गिरोह ने उसकी मेहनत की कमाई ठग ली थी।
प्रवक्ता ने बताया कि हांडू नियमित रूप से अपने ठिकाने बदलकर पिछले नौ वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद वर्ष 2014 में हांडू समेत आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY