एजेंसी न्यूज

Jahangirpuri Violence: जहांगीरपुरी हिंसा एक साजिश, अवैध प्रवासियों की भूमिका की जांच की जाए- भाजपा

भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने शनिवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित जुलूस के दौरान हुई झड़प को ''साजिश'' करार दिया और घटना में ''अवैध प्रवासियों'' की भूमिका की जांच की मांग उठायी.

Jahangirpuri Violence: जहांगीरपुरी हिंसा एक साजिश, अवैध प्रवासियों की भूमिका की जांच की जाए- भाजपा
बीजेपी (Photo Credits PTI

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल : भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने शनिवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी (Jahangirpuri) इलाके में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित जुलूस के दौरान हुई झड़प को ''साजिश'' करार दिया और घटना में ''अवैध प्रवासियों'' की भूमिका की जांच की मांग उठायी. भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जुलूस पर ''हमला, अचानक हुई घटना नहीं बल्कि एक साजिश थी.'' जहांगीरपुरी में शनिवार को जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि जुलूस पर पथराव एक ''आतंकवादी हमला'' था. उन्होंने देश से अवैध प्रवासियों को तत्काल बाहर निकालने की मांग की.

आदेश गुप्ता ने कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे और उनसे हिंसा की जांच का आदेश देने का आग्रह करेंगे. उन्होंने यह भी सवाल किया कि दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों की बस्ती को पानी और बिजली के कनेक्शन कैसे दिए गए? उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ''मैं (मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि वह शहर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को पानी और बिजली क्यों मुहैया करा रहे हैं.'' गुप्ता के आरोपों पर दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. भाजपा नेता ने दिल्लीवासियों से शांति बनाए रखने की भी अपील की और कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र का दौरा करेगा. यह भी पढ़ें : Jahangirpuri Violence: जहांगीरपुरी में हिंसा मामले में दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने उपराज्यपाल से की बात, शांति बनाए रखने की अपील

मनोज तिवारी ने घटना के बाद ट्वीट किया, ''अवैध प्रवासी बड़ा खतरा हैं और इसकी जांच की जरूरत है क्योंकि वे हमारे देश के सद्भाव को नुकसान पहुंचा रहे हैं. जो लोग उनका संरक्षण कर रहे हैं और उन्हें यहां बसने में मदद कर रहे हैं, वे एक बड़ा खतरा हैं.'' इस बीच, मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी पर हिंसा भड़काने के संबंध में विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का सामना कर रहे कपिल मिश्रा ने कहा कि सभी अवैध प्रवासियों के कागजात की जांच की जानी चाहिए और उन्हें तुरंत निकाला जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ''हनुमान जयंती जुलूस पर हमला एक संयोग नहीं बल्कि एक प्रयोग था. यह एक आतंकवादी हमला था. बांग्लादेशी घुसपैठियों की बस्तियां अब हमलों में शामिल हैं.''

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2022 12:19 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).