देश की खबरें | आजाद के इस्तीफा देने के लिए यह सही वक्त नहीं था: कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई

जम्मू, 26 अगस्त कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने शुक्रवार को कहा कि वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफा देने के लिए यह सही वक्त नहीं था क्योंकि पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व देश से बाहर है। साथ ही आजाद से अपने निर्णय पर पुनर्विचार की अपील की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री आजाद ने कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों से पहले इसकी प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि (पार्टी का) नेतृत्व आतंरिक चुनाव के नाम पर ‘धोखा’ दे रहा है।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगेश साहनी ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक बैठक के शीघ्र बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह (आजाद के लिए) पार्टी छोड़ने का सही समय नहीं था। ’’

उन्होंने कहा कि आजाद को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

साहनी ने कहा, ‘‘पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व देश से बाहर है। आजाद साहिब को अपने इस्तीफे पर सोचना चाहिए।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या यह पार्टी के लिए एक झटका है, उन्होंने कहा कि आजाद का इस्तीफा अब तक स्वीकार नहीं किया गया है।

वहीं,यह पूछे जाने पर कि क्या आजाद ने पार्टी के फैसलों के प्रति अपना खुला विरोध जता कर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत की है, साहनी ने कहा, ‘‘वह(आजाद) अपनी बात बेहतर तरीके से रख सकते हैं। मैं उनके लिए बात नहीं कर सकता।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)