देश की खबरें | चंद्रयान-3 मिशन के दौरान इसरो के सोशल मीडिया पोस्ट ने लोगों के दिल जीते
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंद्रयान-3 का 14 जुलाई को प्रक्षेपण किए जाने से लेकर आज चंद्रमा की सतह पर इसकी सॉफ्ट लैंडिंग तक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अनूठी पहल करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसके अहम दृश्यों का प्रसारण किया जिससे लाखों लोग ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
बेंगलुरु, 23 अगस्त चंद्रयान-3 का 14 जुलाई को प्रक्षेपण किए जाने से लेकर आज चंद्रमा की सतह पर इसकी सॉफ्ट लैंडिंग तक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अनूठी पहल करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसके अहम दृश्यों का प्रसारण किया जिससे लाखों लोग ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
चंद्रयान-3 की आज शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग पर इसरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘चंद्रयान-3 मिशन : भारत, मैं अपने गंतव्य पर पहुंच गया हूं और आप भी।’’
इसी तरह इस पूरे अभियान के दौरान इसरो के सोशल मीडिया हैंडल से भारत के महात्वाकांक्षी चंद्र मिशन की जानकारी देते हुए बीच-बीच में हल्के-फुल्के अंदाज में पोस्ट किये जाते रहे जिसमें ‘‘स्वागत है दोस्त’’ और ‘‘सफर के लिए शुक्रिया, दोस्त’’ शामिल हैं, ताकि आम जन तकनीकी शब्दावली में फंसे बगैर साधारण शब्दों में इससे जुड़ सकें।
सोमवार को जब चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल का चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर के साथ संचार स्थापित हुआ तो इसरो ने पोस्ट कर कहा, ‘‘स्वागत है दोस्त! चंद्रयान-2 आर्बिटर ने औपचारिक रूप से चंद्रयान-3 लैंडर मॉड्यूल का स्वागत किया। दोनों के बीच दोतरफा संचार स्थापित हो गया है। एमओक्स (मिशन ऑपरेशंस कॉम्पलेक्स) के पास अब लैंडर मॉड्यूल तक पहुंचने के लिए अधिक मार्ग हैं।’’
इससे लगभग एक सप्ताह पहले 17 अगस्त को जब चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल सफलतापूर्वक उसके प्रणोदन मॉड्यूल से अलग हुआ था तो इसरो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘लैंडर मॉड्यूल ने कहा, यात्रा के लिए धन्यवाद, दोस्त!’’ हाथ हिलाते हुए एक इमोजी के साथ किए इस पोस्ट को मंगलवार तक करीब 55 लाख लोग देख चुके थे।
चंद्रयान-3 के पूरे सफर के दौरान इसरो के सोशल मीडिया हैंडल से ऐसे पोस्ट किए जाते रहे जो जनता का ज्ञान और उत्साह बढ़ाते रहे हैं। इन पोस्ट के साथ लगभग हर बार चंद्रमा, रॉकेट और उपग्रह के इमोजी भी साझा किए गए।
विक्रम और प्रज्ञान के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने से महज कुछ घंटे पहले इसरो के सोशल मीडिया हैंडल पर कहा गया कि मिशन ऑपरेशन कॉम्प्लेक्स ऊर्जा और उत्साह से भरा हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)